दिन की अच्छी बोहनी
वेद प्रकाश भारव्दाज
मैं अखबार उठाता हूँ, पहले ही पन्ने पर देश व प्रदेश के प्रथम प्रहरी मुस्करा रहे हैं। दिन की बोहनी अच्छी रही। अपना एक शेर करेले की तरह याद आता है
पोस्टर पे हंसते हुए चेहरों को देखकर
मान लिया उसने शहर बीमार नहीं है।
मान लिया उसने शहर बीमार नहीं है।
शेर ने अच्छी बोहनी का मजा किरकिरा कर दिया। मैं पन्ने पलटने लगता हूँ। अंदर फिर वही चेहरे, वही मुस्कराहट। अपना शेर भूलकर खुद को शेर समझने का मुगालता होने लगा। खबरों पर नजर डालता हूँ। यमुना में पांच गुना बढ़ा पानी, चलिए विकास होना जारी है। 50 और शहरों को स्मार्ट बनाएंगे। हमारा शहर तो पहले ही स्मार्ट बना दिया गया है। इसी स्मार्ट शहर और जिले में पिछले दिनों हुई बारिश में कुछ मकान ढह गए और कुछ लोग मारे गए। फिर भी शहर स्मार्ट हो गया है। कई नए पुल बन गए हैं, कुछ सड़कें चमचमा रही हैं। यह अलग बात है कि थोड़ी देर की बारिश में घण्टो जाम लग जाता है। पहले जाम में फंसने वाले ज्यादातर लोग दोपहिया सवार होते थे, आजकल चौपहियाधारी जाम में फंसते हैं। विकास हो गया है।
जीएसटी का नया स्टीकर देखकर सामान खरीदने की हिदायत छपी है ताकि कर छूट का लाभ आपको मिले। कई दिन से श्रीमती जी झाड़ू टूटी होने की शिकायत कर रही हैं, आज खरीद लूँगा। फ्रिज तो बीबी की तरह है कभी गरम कभी कूल कूल। किसी को बदलना सम्भव नहीं है। मैं आगे बढ़ता हूँ। अगले पेज पर पड़ोसी प्रदेश का प्रथम प्रहरी मुस्करा रहा है।
अगले कुछ पन्ने तेजी से पलट देता हूँ। उनपर जो खबरें हैं वे मुझे विपक्ष की साजिश नजर आती हैं। सरकार को बदनाम करने के लिए अपराध की बड़ी-बड़ी खबरें छापी जाती हैं। उन्हें छोटा करके भी तो छापा जा सकता था। आगे एक अच्छी खबर पढ़ने को मिली ' कीचड़ में बाइक फिसलने से झपटमार पकड़े गए'। कीचड़ की शिकायत करने वालों के मुंह पर कीचड़। जो लोग जगह-जगह कीचड़ की शिकायत करते हैं उन्हें समझ आ गया होगा कि कीचड़ के फायदे भी हैं। इससे यदि बहुत से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और कुछ लोगों की उसमें फिसलने से हड्डी-वड्डी टूट जाती है तो कोई बात नहीं। ऐसे लोगों को कीचड़ से बच कर चलना चाहिए।
आगे के पृष्ठों पर कुछ और मनोरंजक ख़बरें हैं पर अब अपुन के पास टाइम नहीं है। अभी बाहर जाना है। आज बारिश नहीं हो रही है। सड़कें कीचड़मुक्त हैं। रोज ही भ्रष्ट अधिकारी पकड़े जा रहे हैं। देश हर तरह के कीचड़ से मुक्त होने की तरफ अग्रसर है।
29-07-2018
No comments:
Post a Comment