Saturday, November 10, 2018

श्याम सुंदर कालरा की कला यात्रा


आध्यात्म और समकालीनता का संगम
श्याम सुंदर कालरा की कला यात्रा
वेद प्रकाश भारद्वाज
आध्यात्म एक ऐसा विषय है जो बहुत से कलाकारों की कला का केंद्र रहा है पर उनमें से कम ही कलाकार हैं जो इसे लेकर लम्बी यात्रा कर सके हैं, श्याम सुंदर कालरा ऐसे कलाकारों में अग्रणी कहे जा सकते हैं। पिछले करीब पांच दशक से वह विभिन्न माध्यमों में शिव और उनसे जुड़ी विभिन्न अवधारणाओं को कागज और कैनवास पर उतारते रहे हैं। परंतु उनके चित्र केवल आध्यात्म पर ही केंद्रित नहीं हैं। उनके पिछले कुछ समय के चित्रों में समकालीन जीवन का यथार्थ भी सांकेतिक रूप में रचा गया है।  इस प्रकार उनकी कला यात्रा परम्परा से समकालीनता तक की यात्रा कही जा सकती है। कॉलेज ऑफ आर्ट नई दिल्ली में अध्ययन के दौरान उन्होंने विश्वनाथ मुखर्जी के मार्गदर्शन वाश तकनीक में दक्षता प्राप्त की और उसे आगे बढ़ाया। भारतीय कला परम्परा में वाश तकनीक का महत्वपूर्ण स्थान है। बंगाल के बाहर दिल्ली और लखनऊ वाश कला के प्रमुख केंद्र रहे हैं। दिल्ली में श्याम सुंदरजी ने वाश चित्रों को नयी ऊंचाई प्रदान की। आज जब इस तकनीक में काम करने वाले गिने-चुने कलाकार हैं तब यह देखना एक सुखद उपलब्धि है कि उन्होंने इस तकनीक को जिंदा रखा है।


आधुनिक भारतीय कला परिदृश्य में जब समकालीन कला के नाम पर नाना प्रकार के प्रयोग हो रहे हैं तब श्याम सुंदरजी ने अपने स्तर पर कुछ अलग प्रयोग किये हैं। उन्होंने कैनवास पर एक्रेलिक रंगों से काम करते हुए उसमें भी वाश तकनीक का प्रभाव लाने में सफलता प्राप्त की है। उनकी कैनवास पेंटिंग को देखकर यही लगता है कि वह वाश पेंटिंग हैं।
विषय के स्तर पर आपका काम अध्यात्म पर ही केंद्रित रहा है। उनकी एक विहंगावलोकन प्रदर्शनी ऑल इंडिया फाइन आर्ट एंड क्राफ्ट सोसायटी नई दिल्ली ने आयोजित की है जो 10 नवम्बर से शुरू हो रही है। इस प्रदर्शनी में उनके जीवन के सभी काल की चयनित पेंटिंग प्रदर्शित की जा रही है।
इन पेंटिंगों को देखते हुए एक बात तो स्पष्ट रूप से सामने आती है कि उन्होंने अध्यात्म और उसमें भी शिव के बहुआयामी चरित्र को अमूर्तन की भाषा में जिस खूबसूरती और प्रभावी तरीके से रचा है वैसा कम ही कलाकार कर पाते हैं। शिव सृजनकर्ता हैं, नृत्य उनकी ही देन कही जा सकती है। श्याम सुंदरजी ने अपने अनेक चित्रों में प्रकाश और रूपाकारों को इस तरह संयोजित किया है कि वे नृत्यरत प्रतीत होती हैं। रंगों के बीच जैसे प्रकाश नृत्य करता दिखाई देता है। शिव को केंद्र में रखकर चित्रों की रचना करते हुए उन्होंने कई चित्रों में शक्ति को भी रचा है। शक्ति के बिना शिव की कल्पना अधूरी ही रहती है। अपने चित्रों में उन्होंने शक्तिरूपा देवी को सांकेतिक अभिव्यक्ति दी है।

श्याम सुंदरजी की कला का एक सोपान समकालीन जीवन यथार्थ का चित्रण भी है। उनके अनेक चित्रों में, जो पिछले कुछ सालों में रचे गये हैं, समकालीन जीवन सांकेतिक अभिव्यक्ति पाता है। ऐसे ही एक चित्र में हाथ गाड़ी में एक मनुष्य को अन्य मनुष्यों को खींचता दिखाया गया है जबकि उसके नीचे एक व्यक्ति को कुछ लिखते दर्शाया गया है। चित्र के सबसे निचले भाग में एक व्यक्ति पलंग पर लेटा हुआ है। यह चित्र एक तरह से वर्तमान समाज पर आलोचनात्मक टिप्पणी कहा जा सकता है। इस तरह के कई और चित्र हैं जो परम्परा से समकालीनता तक की अभिव्यक्ति कहे जा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी कला में जीवन के अन्य पक्षों को भी रचा है। उनकी पांच दशक की कला यात्रा का साक्षी होना निश्चित ही कला प्रेमियों के लिए आनंददायी अनुभव होगा।

Wednesday, August 15, 2018

क्या अर्थ है आजादी का


डॉ. वेद प्रकाश भारव्दाज
आजादी की सालगिरह आज मना ली गयी। सरकारी भवनों पर जगमग करती लाइट इसका प्रमाण दे रही थीं। टीवी से लेकर अखबारों तक पर आजादी का आख्यान चलते रहे। सोशल मीडिया पर भी कुछ लोगों ने खुद को सबसे सजग भारतीय और आजाद प्रमाणित करने का अभियान चलाया। कांवड़ सेवा के साथ ही देशभक्ति का कारोबार शुरू हो गया था। जगह-जगह तिरंगा बिकने लगा था। जैसे-जैसे 15 अगस्त नजदीक आता गया देशभक्ति का कारोबार और तेज हो गया। हां, इसे कारोबार ही कहेंगे और यह कारोबारियों का ही उत्सव भी है। यकीन न हो तो अखबारों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारी छूट के विज्ञापनों से लेकर बाजार में जगमग सजी दुकानों तक को देखते। वैसे यह सब अभी कुछ दिन और चलता रहेगा। दो दिन पहले बस से दिल्ली के लाजपत नगर की लाल बत्ती से गुजरते हुए जो देखा उसके बाद आजादी क्या है यह पूछने को मन करता है। वैसे पिछले तीन-चार दिनों से दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में यह देख रहा था कि कैसे हर जगह तिरंगा बेचने वाले घूम रहे हैं। इतना ही नहीं लोगों ने अपनी गाड़ियों पर तिरंगा लगा भी लिया था। पर जो लाजपत नगर में देखा उसने मुझे हिला कर रख दिया।
फुटपाथ पर एक बच्चा और शायद उसका थका हुआ पिता भर दोपहरी में सोये हुए हैं। आसपास तिरंगों का ढेर खड़ा है। दो महिलाएं और कुछ बच्चे व बच्चियां हाथों में तिरंगा लिये खड़े हैं, ज्यादातर नंगे पांव हैं। लाल बत्ती होते ही सब कारों की तरफ दौड़ पड़ते हैं। कारों के दरवाजों के पास जाकर झंड़ा खरीदने की मिन्नतें शुरू हो जाती हैं। यह दिल्ली का या कहें किसी भी शहर का आम दृश्य है। यह बच्चे और महिलाएं आपको इस या उस चौराहे पर कभी तिरंगा तो कभी गणेशजी या कभी फूल तो कभी कुछ और बेचते नजर आ जाएंगे। इनमें से कई वो भी हैं जो आम दिनों में बच्चे के दूध के लिए पैसे मांगती नजर आती हैं। बच्चे बसों में भजन गाने के सहारे तो कभी तपती दुपहरी में सड़क पर गुलाटियां मारकर लोगों के सामने हाथ फैलाते नजर आ जाते हैं। आज जब तिरंगों के साये में नंगे सोये बच्चे को देखकर और किसी तरह झंड़ा बेचने की कोशिश करते बच्चों व महिलाओं को देखा तो मन किया कि उनका एक फोटो खींचकर फेसबुक पर डाल दूं। पर फिर मन नहीं माना। क्या उन लोगों की बेबसी या गरीबी को मुझे इस तरह इस्तेमाल करना चाहिए? और यदि मैं ऐसा करता हूं तो फिर मुझमें और गरीबी को भुनाने वाले एनजीओ में क्या फर्क रह जाएगा। मैंने उनका फोटो खींचने का इरादा निरस्त कर दियां पर यह बात दिल में फांस की तरह चुभती रही।
आज यदि रघुवीर सहाय होते तो अपनी ही कविता अधिनायक को दुबारा से लिखना होता तो क्या फिर यह लिखते कि- राष्ट्रगीत में भला कौन वह/ भारत-भाग्य-विधाता है/ फटा सुथन्ना पहने जिसका/ गुन हरचरना गाता है। आजादी के करीब बीस साल बाद लिखी गयी इस कविता को क्या हम आज लिखी कविता नहीं कह सकते। फिर यह भी खयाल आया कि धूमिल आज होते तो क्या फिर से यही दोहराने को मजबूर नहीं होते कि- क्या आजादी सिर्फ तीन थके हुए रंगों का नाम है/ जिन्हें एक पहिया ढोता है/ या इसका कोई खास मतलब होता है। यह दो कवि मुझे अक्सर लगता है कि साठ के दशक में थे जरूर पर कुछ ऐसी बातें कह गये हैं जो आज पचास साल बाद भी उतनी ही सार्थक हैं। दिल्ली की सड़कों पर कुछ दिन के लिए तिरंगा लेकर गाड़ियों की तरफ दौड़ते उन लोगों को क्या पता है कि आजादी का क्या अर्थ होता है। शायद किसी को पता नहीं होगा। उनके लिए तो स्वतंत्रता दिवस दूसरे त्यौहारों की तरह ही है जब वे इसी प्रकार कुछ बेच कर दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कर पाते हैं। उनकी आजादी दो वक्त की रोटी से आगे की सोचने का मौका ही नहीं देती। देश के सबसे ज्यादा करोड़पतियों व अरबपतियों के शहर दिल्ली में उनके लिए आजादी का अर्थ है कुछ बेच पाने का मौका या फिर भीख मांगने का मौका।  


Tuesday, August 7, 2018

देवरिया की घटना मीडिया की विफलता failure of media



वेद प्रकाश भारद्वाज

आज 7 अगस्त है। ठीक एक सप्ताह बाद हम देश की आजादी की वर्षगांठ का जश्न मनाएंगे। पर इस वर्षगांठ पर क्या हम देश व समाज की रगों में पड़ गई गांठों पर कुछ गौर करेंगे? शायद नहीं। यह राष्ट्रीय जश्न का दिन है। प्रधानमंत्री लालकिले से देश को संबोधित करते हुए घोषणाओं की बरसात कर सकते हैं। मीडिया उसे कवर करेगा। उस दिन कुछ अखबार परिशिष्ठ भी निकाल सकते हैं जैसा कि इंदौर में एक समय नई दुनिया अखबार किया करता था। इस अवसर पर देश की विभिन्न प्रकार की आजादी के खतरे में होने की बात कही जा सकती है और उसकी रक्षा के संकल्पों को दोहराया जा सकता है। पर क्या कोई इस बात का जवाब दे सकेगा कि हमारे देश में मुजफ्फरपुर और देवरिया जैसी घटनाएं क्योंकर हो पाती हैं। और यह भी कि इस तरह की और घटनाओं को रोकने के लिए हम कितने ईमानदार हैं। यह सवाल सिर्फ सरकार से ही नहीं है, मीडिया से भी है क्योंकि सरकार के अपने निहित स्वार्थ हो सकते हैं पर पत्रकारिता से यह उम्मीद की जाती है कि वह केवल जनपक्षधर होगी। वह लोकतंत्र का चौथा खंभा है जिसके कारण लोकतंत्र बचा रह पाया है। इसके बाद भी मीडिया को लेकर कुछ संशय मेरे मन में है तो वह अकारण नहीं है। 

मुजफ्फरपुर की घटना जहां इस बात के लिए आश्वस्त करती है कि पत्रकारिता आज भी जिंदा है वहीं उत्तर प्रदेश के देवरिया में कल सामने यानी शेल्टर होम में बच्चियों के शोषण की घटना पत्रकारिता के चूक जाने को प्रमाणित करती है। इधर हाल के वर्षों में कई ऐसे मामले सामने आये हैं जो स्थानीय स्तर पर किसी न किसी रूप में चर्चा में रहे या जिनमें कार्रवाई के आदेश हुए पर कार्रवाई की नहीं गई। इस मामले का ज्ञान होने के बाद भी मीडिया ने उसकी तरफ ध्यान नहीं दिया। यहीं आकर पत्रकारिता की सार्थकता संदिग्ध हो जाती है। क्या कोई अपराध होने के बाद सामने आना ही खबर है या कोई दुर्घटना होने के बाद ही खबर है? क्या वैसा होने की आशंका खबर नहीं है जबकि उसके बारे में आपके पास पर्याप्त आधार भी हैं? और क्या दूसरे साधनों से कोई अपराध सामने आने के बाद उस पर अखबारों को रंग देना या टीवी के पर्दे पर चींखना ही उसके होने की सार्थकता है? देवरिया के मामले में अब सामने आ रहा है कि एक साल पहले ही उसका पंजियन रद्द होने के बाद भी उसे बंद नहीं किया गया। यह भी सामने आ रहा है कि पुलिस उसे बंद कराने जाती थी तो उसे भगा दिया जाता था। इसका अर्थ यह कि उसके संचालक इतने ताकतवर अपराधी हैं कि उनके लिए पुलिस का कोई वजूद ही नहीं था। यह बात सरकार की तरफ से सामने आयी है कि कार्रवाई के आदेश दिये गये थे पर अधिकारियों ने उसपर अमल नहीं किया। यानी कि कहीं न कहीं यह सरकार की विफलता तो है ही, उससे बड़ी विफलता मीडिया की भी है। 

इसी के साथ एक बात और उभरती है, और वह यह कि कोई एक घटना होने के बाद उसी तरह की घटनाओं की खबरें अचानक कैसे आने लगती हैं जबकि वह अपराध पहले से हो रहे होते हैं। लोगों को याद होगा कि एक बार एक बच्चे के गड्ढे में गिरने के बाद उसी तरह की अन्य जगहों की घटनाओं की खबरें आने लगी थीं। दिल्ली में निर्भया कांड के बाद देशभर में बलात्कार की खबरों की बाढ़ आ गयी। आज अखबारों के पन्ने इस तरह की खबरों से भरे रहते हैं। ऐसा तो नहीं है कि अचानक बलात्कार की वारदातें बढ़ गयी हैं। वह पहले भी होती थीं पर अब उनकी पुलिस में रिपोर्ट होने लगी है। मीडिया अब उन्हें छाप रहा है पर क्या उसने कभी इस बात की जांच की कि उनमें से कितनी खबरें झूठी होती हैं और यह कि कितने मामलों में पुलिस ने ठोस कार्रवाई की। यह कहने में मुझे कोई संकोच नहीं कि आज के पत्रकार इन सब बातों का ध्यान नहीं रखते। उन्हें इस बात से भी कोई मतलब नहीं होता कि अपने परिवेश में उन स्थितियों पर नजर रखी जाए जो किसी तरह के खतरे का संकेत हैं और शासन से लेकर लोगों तक को इस बारे में सजग किया जाए।  

यह एक ऐसी स्थिति है जो मीडिया के लोकतंत्र के चौथा खंभा होने को शक के दायरे में लाती है। एक समय था जब पत्रकार ऐसी तमाम खबरों को सामने लाते थे जिनकी पुलिस में रिपोर्ट नहीं होती थी और न ही सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई होती थी। मीडिया उस अपराध और उसके प्रति पुलिस-प्रशासन व सरकार की चुप्पी को निशाना बनाता था। देवरिया की घटना यह प्रमाणित करती है कि आज के पत्रकार अब केवल नौकरी कर रहे हैं, पत्रकारिता नहीं। वरना कोई कारण नहीं था कि वे इस बात को जोर-शोर से उठाते कि एक महिला संरक्षण गृह अवैध रूप से चल रहा है जहां और भी बहुत कुछ गलत हो सकता है। इसी से जुड़ी एक बात और है जिसकी तरफ मीडिया अपनी किसी तरह की जिम्मेदारी महसूस नहीं करता। 

मुजफ्फरपुर के अपराध के सरगना ब्रजेश ठाकुर आजकल कहां हैं? जवाब आएगा कि जेल में हैं। पर क्या वास्तव में वो जेल में हैं? यह प्रश्न इसलिए है कि जो व्यक्ति इतने जघन्य अपराध का आरोपित है वह पकड़े जाने से पहले तक खुलेआम घूम रहा था और उसे कोई तकलीफ नहीं थी। पर एक संगीन मामले में गिरफ्तार होते ही वह इतना बीमार हो जाता है कि सीधे अस्पताल में भर्ती करा दिया जाता है जहां वह जेल की बंदिशों से मुक्त आराम का जीवन बिता सकता है। ब्रजेश ठाकुर के साथ ऐसा ही हुआ है। अपनी गिरफ्तारी के बाद से ही वह अस्पताल में है। वह इन दिनों श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में स्वास्थ्य लाभ ले रहा है। वह स्लिप डिस्क, डायबिटिज और ब्लडप्रेशर का मरीज है और हार्टअटैक होने का खतरा है। इसीलिए उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाना जरूरी है। यह खबर अखबार में छपी है पर किसी ने इस बात पर सवाल नहीं उठाया है कि अपराध सामने आने के बाद ही वह बीमार कैसे हुआ। फिर यह अकेले ब्रजेश ठाकुर का मामला नहीं है। अक्सर हमारे नेता जो वैसे गिरफ्तारी से पहले सड़क पर भाषण दे रहे होते हैं, पत्रकारों से बात कर रहे होते हैं, गिरफ्तार होते ही कई गंभीर बीमारियों के शिकार होकर अस्पताल में पहुंच जाते हैं। और आश्चर्य नहीं कि जैसे ही वह रिहा होते हैं फिर से सामान्य जीवन जीने लगते हैं। हमारे पत्रकार इस सब पर कभी सवाल नहीं उठाते।

7 अगस्त 2018

Monday, July 30, 2018

पाल से बाल गोपाल तक



वेद प्रकाश भारद्वाज

अखबार खोलकर बैठा हूं। खबर है कि अन्ना हजारे फिर से लोकपाल के लिए अनशन करेंगे। अन्ना बड़े सज्जन व्यक्ति हैं। सज्जनता एक गुण होती थी पर अब नहीं। आजकल सज्जन होना किसी काम का नहीं है। अन्ना सज्जन हैं इसलिए सज्जन रह गये और आज भी लोकपाल के लिए लड़ रहे हैं। केजरीवाल एंड कंपनी कभी उनके साथ लड़ रही थी। वो आज लोकपाल से आगे बढ़ चुकी है। अन्ना की खबर की बगल में जनपाल खड़े हैं। वे जनता के पालक हैं। उन्हें उद्योगपतियों के साथ खड़े होने से डर नहीं लगता। इस बारे में उद्योगपतियों की राय यहां नहीं दी गयी है। पता नहीं किसने उनके डरने की अफवाह फैलायी थी। कभी उनकी पार्टी अन्ना के लोकपाल आंदोलन के साथ थी। अन्ना ने उन्हें अपनी गाड़ी में चढ़ने नहीं दिया फिर भी वे आगे बढ़ गये। अन्ना की गाड़ी वहीं खड़ी रह गयी। वैसे हमारे यहां कई तरह के पाल पाये जाते हैं। इतिहास की खुदाई करें तो एक शासन पाल वंश का था बस उसके साथ लोक नहीं जुड़ा था। एक गोपाल भी हैं जिनके बारे में मौन रहना ही श्रेयष्कर है। आजकल जनतंत्र का युग है। पिछली सदी में बाल, पाल व लाल की तिकड़ी ने अंग्रेजों की नाक में दम कर रखा था। आजकल लोकपाल सितम ढहा रहा है। सरकार चतुर खिलाड़ी है। उसने मसौदा बना दिया है। झुनझुना तैयार है, बजाते रहिये। 

वैसे मुझे इस शब्द लोकपालपर आपत्ति है। इस शब्द से कुछ भ्रम होता है। ऐसा लगता है जैसे लोक यानी जनता को पालने वाले की बात की जा रही है। हमारे नेता यही करते हैं। पहले गुंड़े पालते हैं, चमचे पालते हैं उसके बाद चुनाव जीतने के बाद जनता को पालते हैं, आखिर उनका परिवार भी तो जनता ही है। आखिर एक नेता कितनों को पालेगा। पालने की परंपरा हमारे यहां बहुत पुराने ही। इसे लेकर कई कहावतें भी मशहूर हैं। जैसे पूत के पांव पालने में ही नजर आ जाते हैं। इसीलिए सरकार की सदिच्छाओं पर हमेशा संदेह रहता है। पर हम यहां पालना यानी शिशुओं के झूले की नहीं उस पालने की बात कर रहे हैं जो पशुओं से संबंधित है। कोई गाय पालता है तो कोई भैंस, कोई ऊंट पालता है तो कोई बकरी। नेतागण जनता को पालते हैं। वैसे भी जनता निरीह गाय होती है। पर आजकल गाय को लेकर बड़ा बवाल है। लोग गाय पालने से ही नहीं, उसे चराने ले जाने से भी डरने लगे हैं। बात गाय तक आ गयी है इसलिए यहीं खत्म करता हूं। अब तो गाय की बात करते भी डर लगता है। बात बिगड़े इससे पहले आगे बढ़ना चाहिए।

मैं अखबार का पन्ना पलटता हूं। अच्छी खबर नहीं है। खुले नाले में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। यह गलत बात है। नाले को खुला नहीं होना चाहिए और यदि वह खुला भी है तो उसमें किसी को गिरना नहीं चाहिए। प्रशासन ने नाले इसलिए थोड़ी खुले छोड़े हैं कि चाहे जो उसमें गिर जाए। इधर केजरीवाल सीसीटीवी कैमरे लगाने पर एलजी से फिर पंगा ले रहे हैं। उन्होंने एलजी की बनायी कमेटी की रिपोर्ट फाड़ते हुए कहा है कि जनता तय करेगी कि सीसीटीवी कैमरे कहां लगेंगे। यदि ऐसा है तो एलजी की समिति की रिपोर्ट भी जनता को सौंप देते कि उसका क्या करना है। पर ऐसे मौकों पर नेता खुद जनता बन जाते हैं। जनता वनता हो गयी, नेता जनता हो गये। इधर एक्ट्रस कंगना रनौत ने खुलासा किया है कि मोदी सही मायने में लोकतंत्र के नेता हैं। चलिए उन्होंने बता दिया वर्ना हमे तो आज तक पता ही नहीं था। उन्होंने कहा है देश को गड्ढ़े से बाहर निकालने के लिए पांच साल बहुत कम हैं।कितना गहन चिंतन है। पिछले 70 साल से देश के गड्ढ़े तक भरे नहीं जा सके, उसमें फंसे देश को पांच साल में कैसे निकाला जा सकता है। 

आगे बढ़ता हूं। खबर है कि दिसम्बर तक निफ्टी 12 हजार पर जा सकता है। मन खुश हो गया। अपन के पास एक भी कंपनी का शेयर नहीं है फिर भी ऐसे खुश हो गया जैसे बुढौती में लल्ला होने की खबर आयी हो। वैसे हम देश की खुशी में खुश हैं। कल एक दम्पत्ति ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर ली और एक आदमी खुले नाले में गिरकर मर गया तो कोई बात नहीं। निफ्टी बढ़ रहा है और शेयर बाजार भी 40 हजार के पार होने वाला है। सरकार खुश है, सरकार ही देश है इसलिए देश भी खुश है तो फिर किसी के मरने से हमारा भला दुखी होना कहां तक उचित है। ऐसा करना तो देशद्रोह के समतुल्य होगा। मैं ऐसा नहीं करना चाहता। आगे बढ़ता हूं। अखबार का आखरी पन्ना आ गया। यहां कुछ अच्छी खबरे भी हैं। पटना के एक अस्पताल में आईसीयू वार्ड तालाब बन गया है और उसमें मछलियां तैर रही हैं। चलिये मासांहारी मरीजों के भोजन की व्यवस्था हो गयी। यदि अस्पताल में पलंग लोहे की जगह लकड़ी के होते तो मरीजों को नौकायन का आनन्द भी मिल जाता। वार्ड का जो फोटो छपा है उसमें कोई डॉक्टर व अन्य कर्मचारी दिखाई नहीं दे रहा। शायद वे सब मछलियां पकड़ने में मशगूल हैं। मरीजों का क्या है, उनकी स्थिति तो वैसे भी गंभीर है। 

एक और मजेदार खबर पर नजर पड़ती है। हमने आज की बात शुरू की थी पाल से और अंत में आ पहुंची है बाल गोपाल यानी बच्चों तक। खबर है कि सरकार हर जिले में बच्चों के लिए थाने खोलने की योजना पर काम कर रही है। बच्चों से खेल-खेल में होगी पूछताछ। बचपन में चोर-पुलिस खेला करते थे। कुछ लोग बड़े होने पर भी खेलते हैं। अब सरकार ने इस सुविधा का विस्तार करने का मन बनाया है। बच्चों के लिए थाने खुल जाएंगे तो वहां ऐसा माहौल बनाया जाएगा कि बच्चे पुलिस से डरें नहीं। कोई बच्चा यदि बात न माने तो माता-पिता कहते हैं कहना मानो नहीं तो पुलिस आ जाएगी। अब यह कहकर बच्चों को डराना संभव नहीं होगा। माता-पिता को कोई नया तरीका खोजना होगा।

Sunday, July 29, 2018

A day with good start दिन की अच्छी बोहनी

दिन की अच्छी बोहनी
वेद प्रकाश भारव्दाज
मैं अखबार उठाता हूँ, पहले ही पन्ने पर देश व प्रदेश के प्रथम प्रहरी मुस्करा रहे हैं। दिन की बोहनी अच्छी रही। अपना एक शेर करेले की तरह याद आता है
पोस्टर पे हंसते हुए चेहरों को देखकर
मान लिया उसने शहर बीमार नहीं है।
शेर ने अच्छी बोहनी का मजा किरकिरा कर दिया। मैं पन्ने पलटने लगता हूँ। अंदर फिर वही चेहरे, वही मुस्कराहट। अपना शेर भूलकर खुद को शेर समझने का मुगालता होने लगा। खबरों पर नजर डालता हूँ। यमुना में पांच गुना बढ़ा पानी, चलिए विकास होना जारी है। 50 और शहरों को स्मार्ट बनाएंगे। हमारा शहर तो पहले ही स्मार्ट बना दिया गया है। इसी स्मार्ट शहर और जिले में पिछले दिनों हुई बारिश में कुछ मकान ढह गए और कुछ लोग मारे गए। फिर भी शहर स्मार्ट हो गया है। कई नए पुल बन गए हैं, कुछ सड़कें चमचमा रही हैं। यह अलग बात है कि थोड़ी देर की बारिश में घण्टो जाम लग जाता है। पहले जाम में फंसने वाले ज्यादातर लोग दोपहिया सवार होते थे, आजकल चौपहियाधारी जाम में फंसते हैं। विकास हो गया है।
जीएसटी का नया स्टीकर देखकर सामान खरीदने की हिदायत छपी है ताकि कर छूट का लाभ आपको मिले। कई दिन से श्रीमती जी झाड़ू टूटी होने की शिकायत कर रही हैं, आज खरीद लूँगा। फ्रिज तो बीबी की तरह है कभी गरम कभी कूल कूल। किसी को बदलना सम्भव नहीं है। मैं आगे बढ़ता हूँ। अगले पेज पर पड़ोसी प्रदेश का प्रथम प्रहरी मुस्करा रहा है।
अगले कुछ पन्ने तेजी से पलट देता हूँ। उनपर जो खबरें हैं वे मुझे विपक्ष की साजिश नजर आती हैं। सरकार को बदनाम करने के लिए अपराध की बड़ी-बड़ी खबरें छापी जाती हैं। उन्हें छोटा करके भी तो छापा जा सकता था। आगे एक अच्छी खबर पढ़ने को मिली ' कीचड़ में बाइक फिसलने से झपटमार पकड़े गए'। कीचड़ की शिकायत करने वालों के मुंह पर कीचड़। जो लोग जगह-जगह कीचड़ की शिकायत करते हैं उन्हें समझ आ गया होगा कि कीचड़ के फायदे भी हैं। इससे यदि बहुत से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और कुछ लोगों की उसमें फिसलने से हड्डी-वड्डी टूट जाती है तो कोई बात नहीं। ऐसे लोगों को कीचड़ से बच कर चलना चाहिए।
आगे के पृष्ठों पर कुछ और मनोरंजक ख़बरें हैं पर अब अपुन के पास टाइम नहीं है। अभी बाहर जाना है। आज बारिश नहीं हो रही है। सड़कें कीचड़मुक्त हैं। रोज ही भ्रष्ट अधिकारी पकड़े जा रहे हैं। देश हर तरह के कीचड़ से मुक्त होने की तरफ अग्रसर है।
29-07-2018

Friday, July 27, 2018

बारिश का एक दिन

व्यंग्य
बारिश का एक दिन

वेद प्रकाश भारद्वाज

बाहर बारिश हो रही है और अंदर मैं सूखा बैठा हूँ। श्रीमतीजी कीचन में व्यस्त हैं। कुछ पकने की उम्मीद है। देश की सरकार अच्छे दिन लाने वाली है, अपनी सरकार भी शायद कुछ ले आए। रेडियो चालू करता हूँ तो आह निकलती है। कैसे-कैसे जालिम गाने सुनाते हैं ये रेडियो वाले। आज रपट जाएं तो हमें ना उठइयों’, अब जालिम को कौन समझाए कि रपटने के दिन अब नहीं रहे। अगर गलती से रपट गए तो सड़क पर ही रहेंगे या किसी खुले मेनहोल में अंतर्ध्यान हो जाएंगे, कहा नहीं जा सकता। अगर सड़क पर ही रह गए तब भी उठाना सम्भव होगा कि नहीं कहना मुश्किल है। हो सकता है स्ट्रेचर व एम्बुलनेंस मंगाने पड़ें। जब हम जवाँ होंगेतो अब अतीत की याद भर है। इसलिए रपटने का इरादा गर्म तवे पर पड़ी पानी की बूंद की तरह छन्न से उड़ जाता है।

मैं चैनल बदलता हूँ। कोई फायदा नहीं। वहां भी कोई बारिश का पिटारा खोले बैठा है। रिमझिम के गीत सावन गायेकानों में रस घोलता है जो दिल तक आते आते करेले का जूस बन जाता है। इधर रिमझिम शुरू होती है, उधर नदी नाले तो नहीं, कालोनी की नालियां उफान पर आ जाती हैं। खिड़की से बाहर झांकता हूँ तो छायावादी मन जनवादी हो जाता है। बारिश की टपटप की जगह बाहर कारों, बाइकों की कर्णभेदी पी पी सुनाई देती है। जिसके भी पास दुपहिया या चौपहिया है, लेकर सड़क पर आ गया है। हर कोई जल्दी में है। सब भाग रहे हैं। मैं कमरे में बैठा बाहर झाँक रहा हूँ। दो टकिया की नौकरी में लाखों का सावनजाने की शिकायत करने वाली नायिकाएँ तो अब ढूंढे भी न मिलेंगी। हाँ किसी मॉल में बारिश बोनान्ज़ा में छूट की लूट के लिए नवोढ़ाएँ और प्रेमिकाएँ अपने प्रियतमों के साथ बरामद की जा सकती हैं। प्रौढ़ाएं तो अब पकोड़ी तलने से भी डरती हैं। बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रोल बारिश के रोमांच पर पानी फेर देते हैं। ऐसे में फीकी ही सही एक कप चाय तो बनती है। मैं कीचन की तरफ फरियाद उछालता हूं। कोई जवाब नहीं, मतलब फरियाद सुन ली गयी है और पूरी होने की आशा है। सरकार जब कुछ नहीं कहती है तो काम हो जाता है। जब काम करने का वादा करती है तो वो वादा ही रह जाता है। जैसे नालियों की सफाई का दावा किया गया था जो अब केवल वादा साबित हो रहा है। वैसे इसमें सरकार का भी क्या दोष। उसने से नालियां का कीचड़ निकाल दिया था पर वो नालायक वापस अपने घर में चला गया।

मैं अखबार उठाता हूं, फिर वापस पटक देता हूं। महापौर का जल भराव न होने के प्रबंध पूरे होने का वादा है। रेडियो का चैनल बदलता हूं। कोई दिन-दहाड़े भीगी-भीगी रातों मेंका राग अलाप रहा है। इधर पूरा दिन भीग रहा है, शहर भीग रहा है। राज कपूर-नरगिस याद आते हैं, कैसे बारिश में एक छतरी के नीचे खड़े थे। मैं आवाज लगाता हूं, छाता कहां रखा है? तत्काल अंदर से निषेधाज्ञा जारी हो जाती है, ‘बाहर बिलकुल नहीं जाना है। बीमार पड़ जाओगे तो मेरी मुसीबत होगी।मैं वापस कुर्सी में धंस जाता हूं। अच्छा चाय ही पिला दोमैं फिर अर्जी लगाता हूं। अभी बनाती हूं, और भी काम हैंअंदर से जवाब आता है। यही तो सरकार की अदा है। वह पहले कामों की प्राथ्मिकता तय करती है। अपने जरूरी काम पहले निपटाती है, फिर जनता के कामों की बारी आती है। मैं चुप हो जाता हूं। जनता यही कर सकती है।

खिड़की से बाहर झांकता हूं। बगल के खाली प्लॉट में पानी भर गया है। उसमें कुछ चिड़ियाएं नहा रही हैं। तभी एक कुत्ता पानी में कूदता है। चिड़ियाएं उड़ जाती हैं। मैं शरीफ आदमी की तरह नजर फेर लेता हूं। बिजली आ रही होती तो टीवी चलाता। तभी चाय ले जाओका आदेश आता है। मैं चुनाव परिणामों से उत्साहित मतदाता की तरफ कीचन की तरफ लपकता हूं। क्या देखता हूं कि वहां तो वेतन के साथ बोनस भी है। चाय के साथ प्लेट में पकौड़ियां भी हैं। सरकार कई बार बिना मांगे भी जनता को कुछ दे देती है, फिर भी संशय होता है। पूछता हूं क्या यह मेरे लिए है।सरकार उदारता से जवाब देती है आज खा लो पर ज्यादा नहीं, बीपी बढ़ जाएगा।इससे पहले कि सरकार का निर्णय बदले मैं चाय का कप और पकौड़ी की प्लेट लेकर फिर खिड़की के पास आकर बैठ जाता हूं। एक प्याली चाय और चंद पकौड़ियां, कितना सामान है खुश होने के लिए। मन शायराना होने लगता है। तभी बाहर से शोर सुनाई देता है। मैं झांक कर देखता हूं। दो सूरमा वहां आगे निकलने की होड़ में अब एक-दूसरे के हाड़ तोड़ने पर आमादा हैं। जाम में फंसी पब्लिक दूर से मजा ले रही है। मैं फिर अपनी पकौड़ियों और चाय की तरफ रूख करता हूं। अचानक मैं सामंतवादी होने लगता हूं। बाहर शोर बढ़ रहा है। मैं खिड़की बंद कर देता हूं। अब के सजन सावन मेंगाना खत्म हो गया है और बैक टू बैक रिमझिम गिरे सावनशुरू हो गया है। मैं पकौड़ियों को निपटाता हूं। चाय पीते हुए फिर कीचन की तरफ हसरत भरी नजर से देखता हूं। भारतीय जनता की यही परेशानी है, सरकार थोड़ी उदार होकर कुछ दे दे तो बहुत कुछ की आशा करने लगती है। 

Thursday, July 19, 2018

An interview with artist surendra pal joshi अब केवल स्थानीय बनकर नहीं रह सकते



सुरेंद्रपाल जोशी से यह बातचीत  फरवरी २००५ में हुई बातचीत थी और उसी साल कलादीर्घा में प्रकाशित हुआ था। गत 12 जून को वे हमें छोड़ कर चले गये। उनका जाना कला जगत की बड़ी क्षति है। 


कला के क्षेत्र में आपका आना कैसे हुआ?
पेंटिंग का शौक मुझे बचपन से ही रहा है। उस समय मैं किसी चित्र की नकल बना लिया करता था या वैसे ही कागज पर कोई चेहरा बना दिया करता था।  जब मैं कोई सात-आठ साल का था तभी मेरे पिताजी ने मेरे अंदर के कलाकार को पहचान लिया था। वे सेना में थे। उनके बाल जब सफेद हो गये तो वो मुझे और मेरी बहनों को सफेद बाल उखाड़ने के लिए कहते थे। एक बाल उखाड़ने पर वो हमें पांच पैसे देते थे। मैं उनके सफेद के साथ-साथ काले बाल भी उखाड़ दिया करता था। तब वो कहते कि यह तुम्हारे बस का काम नहीं है। तुम तो उगाड़ (पशुओं को बांधने की जगह) जाओ और गाय का चित्र बनाओ। जब मैं बारहवीं में पढ़ रहा था तब मंगलेशजी (वरिष्ठ हिंदी कवि मंगलेश डबराल जो सुरेंद्रपाल जोशी के बहनोई हैं) ऋषिकेश आते तो कहते कि सुरेंद्र तुम्हारे काम में जबरदस्त ड्राफ्टमेनशिप है। तुम्हें कला के क्षेत्र में जाना चाहिए। मंगलेशजी ने ही मुझे बताया कि कला क्या होती है और कला महाविद्यालय क्या होता है। उनके कहने पर मैंने लखनऊ आर्ट कॉलेज में आवेदन किया और मुझे प्रवेश मिल गया। कॉलेज जाने से पहले मैंने साइनबोर्ड और रामलीलाओं के पर्दे खूब बनाये थे। लखनऊ पहुंचकर जब समाकालीन आधुनिक कला से मेरा साक्षात्कार हुआ तो लगा कि अब तक जो कुछ देखा, जो किया वह तो कुछ भी नहीं है। मेरे सामने कला की एकदम नयी दुनिया थी।

जब आप लखनऊ में पढ़ रहे थे तब आपने एक दुर्घटना को लेकर पेंटिंग बनायी थी। उस समय और बाद के काम में भी सामाजिक यथार्थ प्रमुख था परंतु बाद में उसमें फंतासी अधिक गयी और आप एक तरह के कल्पनालोक में प्रवेश करने लगे। ऐसा क्यों हुआ?
दरअसल, लखनऊ में मैं जिस उम्र और परिवेश में था उसमें मुझे मेहनत करने वाले मजदूर, रिक्शा चालक और इसी तरह के लोगों की पेंटिंग बनाना बहुत अच्छा लगता था। दिन-रात उनको देखता रहता था। उसी समय की एक घटना थी। मैं लखनऊ के बादशाह नगर में चौरोहे पर स्थित एक ढाबे पर रोज शाम को खाना खाने जाता था। उस ढाबे के मालिक से मेरे बड़े आत्मीय संबंध हो गये थे। होता क्या था कि कई बार मैं महीने भर के खाने के पैसे तक नहीं दे पाता था। उस स्थिति में वो पैसे मांगता तो उसे कोई पेंटिंग बनाकर दे देता। पर ऐसा कब तक चलता? एक बार उसने कह ही दिया कि अब पेंटिंग से काम नहीं चलेगा। उसे पैसे चाहिएं क्योंकि उसे भी तो आटा-दाल और अन्य सामान खरीदकर लाना होता है। मैं इस चिंता में वहां बैठा था कि उसे देने के लिए पैसे कहां से आएंगे। उसी समय एक  हादसा हुआ। उस ढाबे पर एक हाथ ठेले वाला रोज आता था। जब मैं वहां बैठा पैसों कि चिंता कर रहा था उसी समय एक तेज गति से रहे ट्रक ने उसके ठेले को टक्कर मार दी। ठेले वाला तो छिटक कर दूर जा गिरा और बच गया परंतु उसका ठेला टूट गया। एक पहिये के दो टुकड़े हो गये। लोगों ने दौड़ कर ठेले वाले को उठाया। ठेले वाला उस वक्त टूटे ठेले को ऐसे देख रहा था जैसे उसका इकलौता बेटा दुनिया से चला गया हो। तब उस आदमी और उसके टूटे ठेले को लेकर कार्बन पेपर से एक पेंटिंग बनायी थी १९८४ में, जिसका नाम मैंने काठ होते लोग रखा था। उसके बाद कुछ साल मैं उसी विषय पर काम करता रहा। बाद में उसकी एक प्रदर्शनी लखनऊ के हजरतगंज में फुटपाथ पर लगायी जिसमें पेंटिंगों को रेलिंग पर टांगा था क्योंकि अकादमी ने गैलरी देने से मना कर दिया था। वह प्रदर्शनी काफी चर्चित रही।
उसके बाद आपने उस श्रृंखला को छोड़ दिया और अलग तरह का काम करने लगे। इसका क्या कारण रहा?
लखनऊ से कला की शिक्षा पूरी करने के बाद मुझे एक छात्रवृत्ति मिल गयी जिसके तहत मुझे किसी एक क्षेत्र का चुनाव कर वहां जाकर काम करना था। मैंने उसके लिए जयपुर को चुना। जब जयपुर और राजस्थान की अन्य जगहों पर मैंने रेत के टीले, महिलाओं का रंग-बिरंगा पहनावा, हरियाली, जमीन की रंगत, जैसलमेर का पीला पत्थर आदि देखा  तो उनके साथ लखनऊ में उपजे द्वंद्व कुछ दिन तक चलते रहे। मेरे सामने एक अलग दुनिया थी। इसका नतीजा यह हुआ कि श्काठ होते लोग्य का जो फॉर्म था, जो विषय था, वह कुछ-कुछ बदलने लगा। फिर मेरे कैनवस अधिकाधिक रंगीन होने लगे। फॉर्म के साथ-साथ मेरे चिंतन में भी बदलाव आने लगा। पहले मैं बहुत साफ-साफ आकृतिमूलक काम किया करता था जो अब धीरे-धीरे अमूर्तन की तरफ बढ़ने लगा। इसका परिणाम यह हुआ कि जब मैंने १९९४ में बियांड सिटीज सीरिज बनायी तो मेरा काम एकदम बदला हुआ था। परंतु इसका अर्थ यह नहीं कि इस सीरिज की कृतियां जीवन से एकदम कटी हुईं और केवल कल्पना पर आधारित थीं। उसमें जीवन हमेशा से रहा है, बस उसका रूप बदलता रहा है। बियांड सिटीज सीरिज के काम में मेर बचपन की स्मृतियां भी थीं। बचपन में जब मैं ऋषिकेश में पढ़ता था तो वहां के मंदिर, धर्मशालाएं, घाट और उनके बीच चोगा पहने लंबी दाड़ी वाले साधू मुझे हमेशा आकर्षित करते थे। जब मैं बियांड सिटीज सीरिज बनाने लगा तो वो सब उसमें गये। लंबे कालम की तरह की इन आकृतियों में कहीं आपको दाढ़ी नजर आएगी तो कहीं वह गणेशजी की सूंड में तब्दील होती दिखाई देगी। इस सीरिज के काम में रंग संयोजन पर आपको राजस्थान का स्पष्ट प्रभाव दिखाई देगा। बचपन की स्मृतियों और राजस्थान की रंग-परंपरा के साथ-साथ उसमें लोककला के कुछ प्रतीक भी आने लगे क्योंकि गांव से मेरा शुरू से जुड़ाव रहा है। इसीलिए मैंने उसका नाम रखा था बियांद सिटीज यानी शहर से परे। इस सीरिज ने मुझे कला के क्षेत्र में स्थापित किया। उसने मुझे कई पुरस्कार दिलाये। इसी दौरान मैंने बियांद सिटीज श्रृंखला के कुछ म्यूरल भी बनाये।

आपके हाल के काम में म्यूरल का प्रभाव तो स्पष्ट है ही। दो भिन्न चरित्रों के कला माध्यमों में एक साथ काम करने और  दोनों को मिलाकर काम करने का क्या कोई खास कारण है? और क्या आपको नहीं लगता कि पेंटिंग जहां पूरी तरह सृजन है वहीं म्यूरल एक व्यावसायिक काम होता है जिसके अपने दबाव होते है?
यह कुछ उसी तरह हो गया जैसे कोई व्यक्ति कविता लिखते-लिखते उपन्यास लिखने लगे। म्यूरल को लोग भले ही अलग नजर से देखते हों परंतु मैं सोचता हूं कि यदि पेंटिंग कविता है तो म्यूरल को हम महाकाव्य या उपन्यास कह सकते हैं। इन दोनों में एक साथ काम करने या दोनों को मिलाकार काम करने का कोई विशेष कारण नहीं था। यह शायद इसलिए हो गया कि जब मैं दोनों माध्यमों में काम करने लगा तो दोनों माध्यम जाने-अनजाने इतने नजदीक गये कि कब दोनों एक हुए मुझे पता ही नहीं चला। जहां तक म्यूरल के व्यावसायिक होने की बात है तो यह कलाकार पर निर्भर करता है कि वह उसे कला ही रहने दे या एक व्यावसायिक कार्य बना दे। वैसे म्यूरल चूंकि एक प्रायोजित कार्य होता है इसलिए जो उसे बनवाता है वह उसमें अपने कुछ विषय-विचार या मोटिफ भी डलवाना चाहता है। पर ऐसे हमेशा नहीं होता। मैं खुद को इस मामले में सौभाग्यशाली समझता हूं कि मैंने जितने भी प्रायोजित म्यूरल बनाये उनमें मुझे काम करने की पूरी स्वतंत्रता मिली। यही वजह है कि मैंने आकृतिमूलक म्यूरल बनाये हैं तो अमूर्त म्यूरल भी बनाये हैं।
म्यूरल को पेंटिंग में लाने का आपको क्या कोई विशेष फायदा हुआ?
इसमें संदेह नहीं कि म्यूरल को पेंटिंग में लाने के मुझे कई फायदे मिले। पेंटिंग में आपको काम करने के लिए सीमित जगह मिलती है जबकि म्यूरल में आपके पास ज्यादा जगह होती है। जब एक कलाकार लगातार म्यूरल में काम करता है तो बड़ी जगह को संभालने, उसमें काम करने में वह सक्षम हो जाता है। इसका अपना मजा है। एक बार इस काम को साध लेने के कारण अब जब कभी मैं पेंटिंग करने बैठता हूं, चाहे वो किसी भी आकार की हो, उसमें मुझे किसी भी विषय को पूर्णता में चित्रित करने में कठिनाई महसूस नहीं होती। अब मेरे लिए पेंटिंग करना और आसान हो गयी है। इसके अलावा म्यूरल में आपको बहुत सी सामग्रियों को लेकर काम करना पड़ता है। इससे विभिन्न सामग्रियों को बरतने का आत्मविश्वास आपको मिल जाता है। दरअसल कोई भी माध्यम शुरू में आपको काम करने में आसानी नहीं देता। पहले आपको किसी भी माध्यम को, उसकी सामग्रियों को समझना पड़ता है, उनसे दोस्ती करनी पड़ती है। और जब एक बार दोस्ती हो जाती है तो आपको उनके साथ काम करने में आनंद आने लगता है। तब वे आपके लिए बहुत आसान हो जाते हैं और एक तरह से आपके इशारे पर नाचने लगते हैं। म्यूरल में यह कर पाने की सफलता के कारण मुझे केवल पेंटिंग करने में आसानी होने लगी बल्कि पेंटिंग में भी विभिन्न सामग्रियों के प्रयोग में सरलता होने लगी। नये-नये माध्यमों और सामग्रियों के अपने खतरे होते हैं। यह कुछ वैसे ही होता है जैसे कोई नया-नया घुड़सवार जब सवारी करने की कोशिश करता है तो घोड़ा उसे पटक देता है परंतु यदि वह ठान ले तो एक दिन उसी घोड़े पर सवारी करने में सफल भी हो जाता है। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही है। मैं यदि एक बार ठान लेता हूं कि किसी विशेष माध्यम या सामग्री में काम करना है तो शुरुआती विफलताओं के बाद भी हार नहीं मानता हूं और एक दिन उसमें सफला पाकर ही दम लेता हूं। नये-नये माध्यमों और सामग्रियों में काम करने का अपना एक अलग मजा है। इससे आपको काम करने में कभी ऊब महसूस नहीं होती। हमेशा एक ताजगी रहती है और चुनौती भी कि कुछ नया करना है। इस तरह से आपका अनुभव और समृद्ध होता जाता है।

आपके शुरुआत के काम में मानव आकृतियां प्रमुख हुआ करती थीं। आप उनके माध्यम से ही अपनी बात कहते दिखाई देते थे परंतु इधर के काम में मानव आकृतियां लुप्त हो गयी हैं और उनकी जगह अमूर्तन गया है। इसका राज क्या है?
पहली बात तो मैं यह नहीं मानता कि मेरा काम पूरी तरह अमूर्त हो गया है हालांकि अमूर्तन में जाने को लेकर मुझे कोई संकोच नहीं है और कभी होगा। यदि मेरे नये काम को गहराई से देखा जाए तो मैंने चीजों को, आकृतियों को रिफाइन जरूर किया है परंतु वे गायब नहीं हो गयी हैं। भारतीय लघु चित्रशैली का जो रूप है वह एकदम अलग है। मैंने उसे ही अपने नये काम में पकड़ा है परंतु जस का तस नहीं, मैंने उसे नये रूप में प्रयोग किया है।
एक बात यह भी है कि बचपन का मेरा काफी हिस्सा पहाड़ पर बीता। वहां के जौनपुर आदिवासी इलाके में मैंने पुरुषों को ऊन कातते देखा है जिसके कपड़े बनाकर वे पहनते थे। उस वक्त उनकी कताई के जो धागे मैंने देखे वे कहीं कहीं मेरे दिमाग में थे जो मेरी पेंटिंग में गये। इसी प्रकार मैंने कपड़े का, उसकी सुंदरता का इस्तेमाल किया है। वह इस रूप में कि बचपन में मैं देखता था कि जब कभी कोई कपड़ा फट जाता था तो मेरी मां या नानी उसमें सुंदर सा पेच लगा देती थी। वो इतना सुंदर होता था कि वैसा काम आज की पढ़ी-लिखी लड़कियां नहीं कर सकतीं। तो मैं उस पेच को भी अपनी पेंटिंग में ले आया। फिर उसपर में रेखांकन करता हूं जो राजस्थान की ब्लॉक प्रिंटिंग से आया है। तो इस तरह मेरे काम में लोककला और उसके तत्व तो हैं ही, इसलिए आप उन्हें पूरी तरह अमूर्तन नहीं कह सकते। हां, इतना जरूर है कि उनका पूरा दृश्यबंध अमूर्तन का सा होता है।
जहां तक मेरे आकृतिमूलक काम से अमूर्तन में आने की बात है तो यह स्वाभाविक रूप से होता गया। दरअसल, कला एक साधना की तरह होती है। जब कोई ड्ढसाधना शुरू करता है तो उसके सामने बहुत सी चीजें होती हैं, फूल, फल, दीपक आदि। जैसे-जैसे  वो अपनी साधना में ऊंचा उठता जाता है उसके सामने की चीजें गायब होने लगती हैं और एक अवस्था वह आती है जब उसे अपने ईष्टड्ढ से तार जोडने के लिए किसी अन्य सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। पेंटिंग में मेरे साथ ऐसा ही हुआ। धीरे-धीरे मेरे काम से स्थूल चीजें छुपती चली गयीं। परंतु इसका अर्थ यह नहीं कि मैंने अपने सामाजिक सरोकार छोड़ दिये हैं। मैं अपने सामाजिक सरोकारों को अन्य रूप में आज भी निभाता हूं।
आपकी कला में परिर्वतन एक अन्य रूप में भी दिखाई देता है। आपके नये काम में सामग्री बाहर से ली गयी लगती है...
मुझे ऐसा नहीं लगता। मैं बाहर से कोई चीज नहीं लाया। बहुत से कलाकार विदेश जाते हैं और वहां से बहुत सी चीजें सीखकर आते हैं और भारत में उनका प्रयोग करते हैं। मैंने ऐसा कभी नहीं किया। विदेश से लौटकर भी मैं भारतीय ही रहा हूं।
चीजें बाहर से लाने से मेरा आशय यह नहीं है कि आप दूसरे देशों से कला सामग्रियां ला रहे हैं या नयी सामग्रियों का प्रयोग कर रहे हैं। मेरा आशय यह है कि एक पेंटिंग में रंगों-रेखाओं के माध्यम से एक फॉर्म अंदर से बाहर की तरफ निकलता है। आपने जिस तरह धागों और पैचों का इस्तेमाल किया है है वे बाहर से कैनवस में जा रहे हैं। इस संदर्भ में देखें तो चीजें बाहर से अंदर की तरफ जा रही हैं। इससे पेंटिंग में जो एक धागा है वह अलग केंद्र बन जाता है और जो पैच है वह अलग केंद्र, पेंटिंग का अपना केंद्र इससे खत्म हो जाता है और उसका एक समग्र प्रभाव बनना चाहिए वह नहीं बन पाता, ऐसा मुझे लगता है।
नहीं, मैं इसको इसलिए स्वीकार नहीं कर सकता क्योंकि आप जो बात कर रहे हैं, अंदर से निकलने की तो वो तो हमेशा से होता आया है। मैं खुद ऐसा ही करता रहा हूं। सब वैसा ही करते हैं। मैं तो जानबूझ कर ऐसा कर रहा हूं क्योंकि मैं बताना चाहता हूं कि पेंटिंग यही नहीं होती कि उसमें रंगों या रेखाओं के माध्यम से फॉर्म निकल रहे हैं। आप उसमें बाहर से लाकर भी चीजों को उसका हिस्सा बनाकर एक नया फॉर्म रच सकते हैं। यह मैं इसलिए भी कर रहा हूं कि यदि हम ऐसा नहीं करेंगे तो नया सृजन करने का जो खतरा है, वह हम कैसे उठाएंगे। नयी चीजें कहां से आएंगी? मैं तो यह मानता हूं कि जो आज की दुनिया है और जो उसकी कला है, उसमें आपको इन सब चीजों के बारे में सकारात्मक तरीके से सोचना होगा वर्ना आप पुराने रूप से बाहर नहीं निकल पाएंगे। आप देखिए कि ग्यारहवें त्रिनाले में, जिसमें मेरा काम भी शामिल था, उसमें कलाकारों ने तकनीक से लेकर सामग्री और विषय तक के स्तर पर एक से बढकर एक प्रयोग किये हैं। मेरा प्रयोग तो बहुत छोटा है। मुझसे बहुत अच्छे-अच्छे काम उसमें शामिल हैं। वो इसीलिए अच्छे हैं क्योंकि उनमें चीजें भीतर के साथ-साथ बाहर से भी आयी हैं। उसमें दुनिया भर से कलाकृतियां आयी हैं। फिर मुझे आज के समय में बहुत आंचलिक या देशज कलाकार बना रहना पसंद नहीं है। भूमंडलीकरण के इस दौर में एक कलाकार के रूप में आप केवल स्थानीय बनकर नहीं रह सकते। आपको कला की विश्वधारा से जुड४ना ही होगा। चित्रकला हो या कविता, भले ही उसकी अपनी देशज और क्षेत्रीय पहचानें हों, उसका वैश्विक मुहावरा तो एक ही रहेगा और उसे पाने के लिए आपको नये-नये प्रयोग तो करने ही पड़ेंगे, नयी-नयी चीजों का इस्तेमाल करना ही पड़ेगा। यदि आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपके काम में वही बासीपन वहीड्ढउबाऊपन रहेगा।
पर क्या आपको नहीं लगता कि आज कलाकार अभिव्यक्ति के लिए आंतरिक सामग्री, विचार, भाव आदि की जगह बाहरी सामग्रियों पर ज्यादा निर्भर होता जा रहा है? 
ये दौर कोई स्थाई तो है नहीं। प्रत्येक कलाकार की सामग्रियों की अपनी पसंद होती है। एक व्यक्ति को खाने की कोई चीज अच्छी लगती है तो वह उसे लंबे समय तक खाता रहता है और जब उससे मन ऊब जाता है तो उसे छोड़ देता है। इसी तरह मेरा कुछ पता नहीं कि जिन माध्यमों में जिन सामग्रियों के साथ मैं काम कर रहा हूं वह कब तक चलेगा। जब मेरा मन भर जाएगा तो मैं उसे छोड़ कर किसी अन्य माध्यम में, अन्य सामग्रियों के साथ काम करने लगूंगा। क्या करूंगा यह कह पाना तो अभी संभव नहीं है, पर उसमें परिवर्तन की पूरी संभावना है।
प्रत्येक कलाकार का अपना एक मुहावरा होता है जो उसकी पहचान बनता है। वह किसी खास तकनीक, माध्यम या विषय से पहचाना जाता है। क्या एक कलाकार को एक ही मुहावरे में लगातार काम करते रहना चाहिए या उसे विभिन्न मुहावरों में काम करना चाहिए?
मैं समझता हूं कि एक कलाकार को अपने मुहावरे को बदलते रहना चाहिए, उसे विभिन्न मुहावरों से गुजरते रहना चाहिए। आप देखें कि मेरे अब तक के काम में श्काठ होते लोग्य से नये काम तक के दौर में फॉर्म तीन-चार बार बदला है। फॉर्म बदलना कोई आसान काम नहीं है। इसमें बहुत ज्यादा खतरे रहते हैं। इससे पहले का मेरा जो फॉर्म था, उसकी पेंटिंग बहुत बिकती थी पर अब जो काम कर रहा हूं उस तरह की पेंटिंग तो हर आदमी लेता ही नहीं है। इसमें बिकाऊ तत्व कुछ है ही नहीं। तो पहला खतरा तो खुद को बचाने का है। दूसरा खतरा ये कि आप अचानक अपनी बनी बनायी पहचान को छोडकर एक नयी पहचान के साथ सामने आना चाहते हैं। आप अपना नाम बदलकर एक नये नाम के साथ लोगों के सामने आयें तो यह एक बहुत बड़ी चुनौती है। लोग यह जानकर कि आपने अपना नाम बदल लिया है, हंसेंगे। इस हंसी को झेलना बहुत बड़ी चुनौती है। जो लोग शुरू में आपके नये नाम पर हंसेंगे, वही कुछ दिन बाद आपको नये नाम से जानने भी लगेंगे।
परिवर्तन के संदर्भ में मुझे अशोक वाजपेयी की एक बात याद आती है कि जिस तरह संगीत में बढ़त होती है, एक गायक जब किसी राग को अलग-अलग समयों में गाता है तो मूल राग भले ही वही रहता है परंतु उसमें बढ़त होती है, उसमें विकास होता है उसी प्रकार पेंटिंग में भी निरंतर कुछ नया होता जाता है। कलाकार भले ही एक ही फॉर्म में जिंदगी भर काम करता रहे परंतु उसकी हर अगली पेंटिंग में कुछ कुछ विकास होता रहता है। उसमें वह कुछ कुछ नया जोड़ता रहता है। आपने अपने काम में परिवर्तन के जरिये खुद को एक तरह तो तोड़ा और नये फॉर्म के रूप में नयी पहचान की तरफ बढ़े। तो क्या इसके पीछे कहीं यह सोच थी कि आप एक फॉर्म में लंबे समय तक काम करने के बाद महसूस करने लगे थे कि अब उसमें नया कुछ नहीं पर पा रहे थे या कि नये समय को अभिव्यक्त करने के लिए आपको अपना पुराना फॉर्म नाकाफी लगने लगा था?
ऐसा नहीं है कि मैंने अपने फॉर्म को पूरी तरह से बदल दिया है या कि पुराने फॉर्म को पूरी तरह छोड़ दिया है। मेरे नये काम में यदि बहुत गहराई से जाकर देखा जाए तो आपको लगेगा कि उसमें मेरे पुराने फॉर्म, मेरे म्यूरल के प्रभाव उसमें हैं। लेकिन आप जो बात कह रहे हैं वो भी सही है कि बहुत से कलाकार एक ही फॉर्म में लगातार काम करते रहते हैं, उसी को मांजते रहते हैं, उसी में कुछ कुछ नया जोड़ते रहते हैं। मैं क्या करता हूं कि पुराने फॉर्म से कुछ बहुत ही खास किस्म की चीजें लेता हूं और उनको जोड़ते हुए एक नया फॉर्म बनाता हूं। तो बात कुल मिलकार वही है, आप एक रास्ते से जा रहे हैं तो भी मंजिल वही है और दूसरे रास्ते से जा रहे हैं तो भी मंजिल वही है। फिर रचना ही एक ऐसी चीज है जिसमें कभी कोई एक फार्मूला बना है कभी बनेगा। सब अपने-अपने तरीके, मिजाज से चलते जाते हैं। और रही बात अंतिम मंजिल की तो वो उसमें होती नहीं है।
आपकी पेंटिंग और म्यूरल में जो रिश्ता बनता है, वो किस तरह का है?
आपसी रिश्ता तो है ही। आपके पास क्राफ्टमेनशिप तो होती ही है। बस आपको बड़ा स्पेस मिल जाता है जिसमें आप और अच्छी तरह काम कर सकते हैं। इसका एक फायदा ये भी होता है कि आपको बड़े स्पेस को हैंडल करना जाता है जिससे बाद में आपके लिए छोटे स्पेस यानी पेंटिंग में भी उतनी ही चीजों को रचने की ताकत हासिल हो जाती है।
आपने सुनामी पीडि़तों की मदद के लिए एक शो किया था। एक समाज सजग रचना और रचनाकार में क्या संबंध पाते हैं?
मेरी सामाजिक प्रतिबद्धताएं आज भी वही हैं जो लखनऊ में कला की शिक्षा प्राप्त करने के दौरान थीं। उस समय किसी दुर्घटना, दंगों आदि से मैं विचलित हो जाता था। उनको पेंट करता था। हां, यदि मैं अमूर्त कलाकार होता तो संभव है कि मेरी सामाजिक प्रतिबद्धताएं और सामाजिक चेतना किसी अलग रूप में व्यक्त हुई होतीं। पर मैं तो शुरू से आकृतिमूलक काम करता रहा जिसके कारण मुझे सामाजिक विषयों को पेंट करना आसान रहा। इसीलिए मैं दंगों से लेकर राजस्थान के अकाल तक पर पेंटिंग बना सका। दरअसल, सामाजिक रूप से सजग और प्रतिबद्ध होता कलाकार का बहुत कुछ निजी मामला होता है। कलाकार संवेदनशील तो होता ही है परंतु उसकी संवेदना किस दिशा में जाएगी और वह वैचारिक रूप से कितना जागृत होगा ये कह पाना मुश्किल होता है।
कला का समाज पर क्या प्रभाव होता है? क्या कला के माध्यम से समाज को बदला जा सकता है?
कला से समाज में चेतना तो आती है परंतु वह समाज को बदलने का काम करती हो ऐसा मैं नहीं मानता। कलाएं मानवीय संवेदनाओं को जगाती हैं। आप देखें कि जिन देशों में या समाजों में ज्यादा कला होती है वहां का आदमी ज्यादा संवेदनशील भी होता है। क्योंकि कला आपको एक बहुत ही आवेगी, क्रोधी और हिंसक होने से बचाती है। और जब वो आपको हिंसक होने से बचाती है तो कहीं कहीं आपकी चेतना को प्रभाविक तो करती ही है। क्योंकि बिना उस प्रभाव के वह मनुष्य जगा नहीं सकती।
पर हमारे यहां कला के जितने भी रूप हैं, चाहे वो पेंटिंग हो, म्यूरल शिल्प हो या नाटक अन्य कलाएं, वे आम आदमी तक पहुंच नहीं पाती हैं। वे केवल एक सीमित वर्ग तक ही पहुंच पाती हैं। इस बारे में आप क्या सोचते हैं?
वह तो बड़े वर्ग तक तब पहुंचेगी जब जो सामाजिक संगठन हैं, अन्य लोग हैं, सरकारी विभाग हैं वे सब कला के प्रचार-प्रसार के लिए आगे आयेंगे। कलाकार से यह उम्मीद करना तो बेमानी है कि पहले तो वो पैसा खर्च करके पेंटिंग बनाये फिर उसे लोगों तक पहुंचाने का काम भी करे। यह तो कलाकार का काम नहीं है। उसका काम तो सृजन है। उसके बाद की भूमिका समाज, सरकार, मीडिया और अन्य संगठनों की है। यह उनका दायित्व है कि वे कला को गांव-गांव तक ले जाएं। कलाकार से आपको इसकी आशा नहीं करना चाहिए क्योंकि वो अपने समाज, अपने परिवार से अपनी ऊर्जा बचा-बचा कर उसे कला में लगाता है। यदि वो अपनी ऊर्जा कला को लोगों तक पहुंचाने में भी खर्च करेगा तो उससे उसकी कला प्रभावित हो जाएगी।
एक समस्या संवादहीनता की भी है। कला के क्षेत्र में इधर नयी सामग्रियों से लेकर तकनीक तक, विभिन्न रूपों में प्रयोगशीलता तो बढ़ी है परंतु कला का यह आधुनिक रूप लोगों की समझ में नहीं पाता। भारतीय समाज में वैसे भी किसी तरह का कला संस्कार तो है नहीं, विशेषरूप से आधुनिक कला के संदर्भ में। जो संस्कार है वो केवल लोक कला के स्तर पर ही है। ऐसे में हमारी आधुनिक कला कहां तक लोगों तक पहुंच पाएगी और कैसे प्रभावित कर पाएंगी?
इसकी जिम्मेदार तो हमारी सरकार है। हो क्या रहा है कि आपने स्कूलों में कंप्यूटरीकरण कर दिया है, गणित का पाठ्यक्रम बदल दिया है। अन्य विषयों का पाठ्यक्रम बदल दिया है परंतु कला का पाठ्यक्रम आज भी वही है जो पचास साल पहले था। दुर्भाग्य यह भी है कि प्राथमिक से हाई स्कूल तक जो शिक्षक कला पढ़ाते हैं, वे कोई कलाकार नहीं होते और ही उनके पास कला की शिक्षा होती है। होता यह है कि किसी भी विषय के शिक्षक से कह दिया जाता है कि वह कला की कक्षा भी पढ़ा ले। तो उन्होंने जिस तरह का भी अपने जीवन में सीखा था, वही बच्चों को पढ़ाते हैं। एक बात और भी है कि इधर बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता कराने का फैशन चल पड़ा है। जिसे देखो वो यही करा रहा है, क्या स्कूल क्या सामाजिक और व्यावसायिक संगठन। क्योंकि इससे अखबारों में थोड़ा नाम छप जाता है, प्रचार हो जाता है। बच्चों को पुरस्कार देने के लिए जिन लोगों को बुलाया जाता है आमतौर पर वो सामाजिक कार्यकर्ता, नेता या कोई बड़ा अधिकारी होता है जो बच्चों के काम का मूल्यांकन करता है। अब उनकी कला की जो समझ होती है बहुत ही अधकचरी, वो उसी के हिसाब से वैसे ही बच्चों को पुरस्कृत कर देते हैं। तो इस तरह से जब समाज चलता है तो उसमें कला का संस्कार आने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
जहां तक लोक कलाओं का सवाल है तो वो लोक जीवन का अभिन्न अंग होती है। वो लोक जीवन पद्धति होती है। चाहे वो लोक चित्रकला हो या शिल्प हो या अन्य कला रूप। आधुनिक नागर समाज की कलाएं जीवन शैली की उपज नहीं हैं। बल्कि वह विशिष्टड्ढ कला है जिसे विशेष लोग बनाते हैं और विशेष लोग ही खरीदते हैं। आधुनिक समाज और कला के बीच की खाई का क्या यह कारण नहीं है?
मैं ऐसा नहीं मानता क्योंकि पूरी दुनिया में लोग गांवों से ही निकले हैं, लोक से ही निकले हैं इसलिए उनके काम में भी वह तत्त्व किसी किसी रूप में तो रहेंगे ही। फर्क हमारे देखने में है। जैसे आज कोई कलाकार कपड़ों को फाड़कर कुछ बना दे तो सब कहेंगे कि यह बिल्कुल अनोखी चीज है। लेकिन वो जो फटे हुए कपड़े हैं, वो भी तो लोक का ही हिस्सा हैं।